पूरनपुर। गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एमए गृह विज्ञान, शिक्षा शास्त्र की कक्षाएं जल्द शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की आपत्ति पर शाासन से मान्यता की अपील की गई थी। शासन ने इसके लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। प्राचार्य के अनुसार इसी सत्र से नईं कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी।
महाविद्यालय गन्ना विभाग की ओर से संचालित है। महाविद्यालय को अनुदान की सूची में शामिल कराने के लिए वर्षों से कोशिश चल रही है। महाविद्यालय में बीए, बीकाम, बीएससी कृषि, एमए की कक्षाएं संचालित हैं।
बीए में नौ विषय, एमए में छह विषयों के लिए मान्यता है। एनसीसी, एनएसस की भी मान्यता है। महाविद्यालय में करीब दो हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बालिका छात्रावास के निर्माण को स्वीकृत मिल चुकी है।
प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय में एमए में गृह विज्ञान और शिक्षा शास्त्र की मान्यता के लिए विश्वविद्यालय में आवेदन किया था। विश्वविद्यालय ने कुछ आपत्तियां लगाकर इसे खारिज कर दिया था। तब शासन स्तर पर अपील की गई। उन्होंने बताया कि शासन ने महाविद्यालय में एमए गृह विज्ञान और शिक्षा शास्त्र की कक्षाएं शुरू कराने की अस्थायी मान्यता दी है।
उन्होंने बताया कि एमएससी कृषि की कक्षाएं भी शुरू कराने की कोशिश की जा रही है। महाविद्यालय को अनुदान की सूची में शामिल कराने के लिए पत्रावली शासन स्तर पर लंबित है। कुछ दिन पहले गन्ना विकास राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, विधायक बाबूराम पासवान और महाविद्यालय के प्रबंधक नितिन दीक्षित ने मुख्यमंत्री से मिलकर पत्रावली के निस्तारण कराने की मांग की थी। महाविद्यालय अनुदान की सूची में शामिल होने पर विद्यार्थियों को नाममात्र शुल्क पर शिक्षण की सुविधा मिलेगी।