वाचर प्रेमपाल ने लिखाई रिपोर्ट पांच नामजद, 95 आरोपी अज्ञात
वाचर ताराचंद्र की मौत के बाद वनकटी चौकी और वाचर प्रेमपाल के घर हमला करने के मामले में सौ लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसमें पांच लोगों को नामजद किया गया है और 95 लोग अज्ञात हैं। यह रिपोर्ट वाचर प्रेमपाल की ओर से लिखाई गई है।
मंगलवार सुबह वनकटी बीट में वाचर ताराचंद्र के अवशेष के रूप में दोनों पैर मिले थे। इस पर गुस्साई भीड़ ने जंगल के बाहर नहर के किनारे बनी वनकटी चौकी एवं यहां सरकारी आवास में रहने वाले दूसरे वाचर प्रेमपाल के परिवार पर हमला कर दिया था। इस दौरान घर में तोड़फोड़ और वाचर प्रेमपाल की पत्नी सावित्री की पिटाई की गई थी। सूचना पर पहुंचे वनाधिकारियों ने पुलिस की मदद से भीड़ को हटाकर प्रेमपाल के परिवार को सुरक्षित निकाला था। इस मामले में बृहस्पतिवार को वाचर प्रेमपाल न्यूरिया थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसमें वनकटी के मुरली उर्फ राममूर्ति, डालचंद्र, नेत्रपाल, घनश्याम, नरायनलाल को नामजद किया गया है। कोतवाल जसपाल ग्वाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।