बीसलपुर में विद्यार्थियों ने शनिवार को 15 सूत्री मांगों को लेकर जुलूस निकाला और तहसील में धरना दिया। उन्होंने एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।
पीलीभीत के बीसलपुर में विद्यार्थियों ने 15 सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार को नगर में जुलूस निकाला। इसके बाद तहसील में धरना दिया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के कई विद्यार्थी शनिवार को सुबह 11 बजे आंबेडकर पार्क में एकत्र हुए। उसके बाद विद्यार्थी जुलूस निकालते हुए तहसील परिसर पहुंचे। विद्यार्थियों ने तहसील परिसर में धरना दिया और एसडीएम नागेंद्र पांडेय को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन दिया।
विज्ञापन
विद्यार्थियों ने रास्ते और तहसील में जमकर प्रदर्शन भी किया। विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए थे और नारे लिखी तख्तियां भी पकड़े थे। विद्यार्थियों ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। जुलूस निकालने और ज्ञापन देने वालों में प्रखर सिंह, आयुष कुशवाहा, सचिन पटेल, देव स्वरूप, गगनदीप, अनुज वर्मा, रोहित कुमार, ललित कुमार और आरती वर्मा समेत काफी विद्यार्थी शामिल थे।
विद्यार्थियों ने उठाईं ये मांगें
ज्ञापन में शिक्षा के व्यवसायीकरण पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, सरकारी विद्यालयों में व्यवस्थाएं मजबूत कराने, शिक्षा की विशेष योजनाएं लागू कराने, विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरे जाने, शिक्षा व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बरतने, प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी निष्पक्ष बनाने, आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी की विशेष सहायता देने और वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की आदि मांगें शामिल की गई है।