पीलीभीत। कलक्ट्रेट परिसर के गांधी सभागार में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम संजय कुमार सिंह ने बेसिक और माध्यमिक स्कूलों में प्रार्थना के समय विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाए जाने का निर्देश दिया। कहा कि यातायात नियमों की जानकारी दी जाए। एसपी ने भी हादसों की रोकथाम के लिए जरूरी निर्देश दिए।
बैठक में एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बीते दिनों हुई दुर्घटना का विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही दुर्घटनाओं के मुख्य कारण क्या थे, इसकी जानकारी दी। एसपी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिये जनपद में चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स के बारे में बताया और जिले में हो रही दुर्घटनाओं के मुख्य कारण भी बताए।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण टी-प्वाइंट पर किए गए अतिक्रमण के कारण होने वाली अदृश्यता, मार्गों पर संकेतक न होना, मार्ग पर पर्याप्त रोशनी न होना, यात्री वाहन पर क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना है। इसके अलावा दो पहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलना भी बड़ा कारण है।
एसपी ने यातायात सीओ को निर्देश दिए की शहर के व्यस्ततम मार्गों का चिह्नीकरण करें। दुकानदारों को जागरूक करें कि उनकी दुकान चिह्नित किए गए मार्ग के पीछे ही संचालित हों। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी जाए, और न मानने पर उन पर जुर्माना लगाया जाए।
ई-रिक्शा एवं टेंपो में दाहिनी साइड बंद करने के निर्देश दिए, ताकि सवारियां चलते ट्रैफिक के बीच में न उतरें। बैठक में सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा, डीआईओएस गिरिजेश चौधरी, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।