अलग-अलग खेलों में मंडल स्तर पर फरहाया सफलता का परचम
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। टाह पौटा के जूनियर हाईस्कूल में समारोह आयोजित कर खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मंडल स्तर के विजेता रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य ने ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिए।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि खेल एक ऐसी विधा है, जिसके माध्यम से बच्चे अपना मुकाम हासिल कर सकते हैं। जरूरी है कि वे खेल के साथ ही पढ़ाई पर भी उतना ध्यान दें।
उन्होंने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा के बच्चों से इस बार और अच्छा प्रदर्शन करने का आह्वान किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी ने चाट डांग बलदेवपुर प्राइमरी स्कूल की सोनाक्षी को 200 मीटर रेस में मंडल स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया।
इसके अलावा इसी स्कूल की प्रशंसा ने लंबी कूद में, जूनियर हाईस्कूल टाह पौटा की शिवानी ने चक्का फेंक में और जयंत ने गोला फेंक में पहला स्थान पाया। चारों छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया ।
चाट डांग बलदेवपुर के शिक्षक राजीव त्रिवेदी को भी खंड शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की । खंड शिक्षा अधिकारी ने संचारी रोग से बचाव पर जोर दिया। इस मौके पर जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, वरिष्ठ संकुल शिक्षक ब्लॉक के खेल प्रभारी अजय कुमार, रविंदर गंगवार, आशा रानी, राजीव त्रिवेदी भी मौजूद रहे।