पीलीभीत। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पंजीकृत कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों ने मंगलवार को ओएमआर शीट पर निपुण एसेसमेंट परीक्षा (नैट) दी। इसमें 90 प्रतिशत से अधिक बच्चे शामिल हुए। परीक्षा की स्थिति को परखने के लिए बीएसए अमित कुमार सिंह ने भी कई स्कूलों का निरीक्षण किया।
बच्चों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए शासन के निर्देश पर परिषदीय विद्यालयों में निपुण एसेसमेंट परीक्षा कराई जा रही है। दो दिवसीय परीक्षा में सोमवार को कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। मंगलवार को कक्षा चार से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा सुबह 9: 30 बजे से शुरू हुई।
शिक्षकों की ओर से विद्यार्थियों को ओएमआर शीट दी गई। दो घंटे तक चली परीक्षा के दौरान विद्यार्थियोंं ने प्रश्नों के उत्तर शीट पर भरे। मरौरी ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बिलगंवा में निपुण टेस्ट निर्धारित समय पर शुरू हुआ। विद्यार्थियों को ओएमआर शीट दी गई।
वहीं परीक्षा की हकीकत परखने के लिए बीएसए भी निरीक्षण पर निकले। इस दौरान उन्होंने कंपोजिट स्कूल सुनगढ़ी, कंपोजिट स्कूल परिषदीय आदर्श, प्राथमिक विद्यालय बालपुर पट्टी, पीएम श्री कंपोजिट स्कूल कैच, प्राथमिक विद्यालय खागसराय, प्राथमिक विद्यालय खमरिया पट्टी समेत विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
ब्लॉकों में यह रही बच्चों की उपस्थिति
कक्षा चार से आठ तक के निपुण एसेसमेंट टेस्ट में अमरिया ब्लॉक में 91.8, बरखेड़ा में 90.4, बिलसंडा में 86.3, बीसलपुर में 89.9, ललौरीखेड़ा में 90.7, मरोरी में 89.9, पूरनपुर में 89.4 व नगर क्षेत्र पीलीभीत में 97.2 प्रतिशत विद्यार्थियोंं की उपस्थिति रही। इस प्रकार जनपद में कक्षा चार से पांच तक 92.4 फीसदी और कक्षा छह से आठ तक 90.4 फीसदी उपस्थिति दर्ज की गई।