गजरौला(पीलीभीत)। प्रेमजाल में फंसाकर शादी से इन्कार करने से आहत होकर बीती 13 जुलाई को विषाक्त पदार्थ खाने वाली 14 साल की कक्षा दसवीं की छात्रा की उपचार के दौरान सोमवार शाम बरेली में मौत हो गई। पोस्टमाॅर्टम के बाद मंगलवार शाम शव घर पहुंचने पर परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया और हंगामा करने लगे।
बुधवार दोपहर सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने गांव पहुंचकर परिजन को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन मानें और शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी किशोर व उसके पिता समेत छह लोगों के खिलाफ पहले ही केस दर्ज किया था। इसमें से मुख्य आरोपी व उसके चचेरे भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मृतका के परिजन किशोरी को दो माह की गर्भवती होने का भी आरोप लगा रहे है। जबकि एसपी सुकीर्ति माधव का दावा है कि पाेस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि नहीं हुई है।
गजरौला क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने 23 जुलाई को गजरौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि गांव के ही 15 वर्षीय किशोर ने उनकी 14 वर्षीय पुत्री को शादी का झांसा देकर छह माह पूर्व से अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। दोनों परिवारों को जानकारी होने पर आपसी सहमति से दोनों के बालिग होने के बाद विवाह कराने की बात तय हुई थी। इसके बावजूद दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत जारी रही। आरोप है कि कुछ समय बाद किशोर ने शादी करने से इन्कार कर दिया और छात्रा का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इससे छात्रा मानसिक तनाव में आ गई।
13 जुलाई को उसने घर में ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। इस बीच 18 जुलाई को उसे रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज बरेली में भर्ती कराया गया, जहां 27 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में बीते 23 जुलाई को परिजनों ने आरोपी पक्ष के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इधर, परिजन का आरोप है कि इलाज के दौरान छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। उसके दो माह की गर्भवती होने की बात भी सामने आई थी।
बरेली में पोस्टमाॅर्टम के बाद छात्रा का शव मंगलवार को गांव पहुंचा तो परिजन अंतिम संस्कार करने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना था कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। हालांकि, सीओ सिटी ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने अस्पताल में पीड़िता की ओर से दिए गए बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने नामजद दो आरोपियों मुख्य आरोपी 15 साल के किशोर व उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
-
वर्जन-
इस मामले में पूर्व में ही रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। छात्रा की मौत के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि नहीं हुई है। मुख्य आरोपी व उसके चचेरे भाई को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। - सुकीर्ति माधव, एसपी