बीसलपुर। क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म और धमकाने से आहत होकर जान देने वाली एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा के परिजन पिछले करीब एक वर्ष से उसकी परेशानी को लेकर घुट-घुटकर जी रहे थे। छात्रा के पिता के मुताबिक, इंटरमीडिएट की पढ़ाई के दौरान से ही युवक सोनू उसका पीछा करता आ रहा था और रास्ते में छेड़खानी करता था।
परिवार वालों ने बदनामी के डर से परिवार ने पुलिस में शिकायत नहीं की। वहीं स्कूल, कॉलेज के पास सक्रिय रहने का दावा करने वाली पुलिस को भी इसकी भनक नहीं लगी। अब छात्रा की मौत के बाद पिता और भाई खुद को इस बात के लिए कोस रहे हैं कि अगर हालात इतने गंभीर होने का उन्हें अंदाजा होता तो वे अपना काम छोड़कर बेटी की सुरक्षा में जुट जाते।
छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पिछले वर्ष बीसलपुर नगर के एक निजी इंटर कॉलेज में कक्षा 12 में पढ़ रही थी, तभी युवक ने परेशान करना शुरू कर दिया था। छात्रा ने शुरुआत में खुद ही युवक का विरोध किया, लेकिन जब उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं तो उसने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी बात बताई। युवक को समझाने और पिता से शिकायत करने का भी असर नहीं हुआ तो छात्रा ने कुछ दिन विद्यालय तक नहीं गई।
बाद में पढ़ाई छूटने और नाम कटने के डर से वह दोबारा विद्यालय जाने लगी तो युवक ने फिर उसका पीछा करना शुरू कर दिया। परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवक अक्सर बाइक लेकर छात्रा के रास्ते में खड़ा हो जाता था। वह छात्रा को अपनी बाइक से विद्यालय छोड़ने और छुट्टी के बाद वापस घर पहुंचाने की बात कहकर अपने साथ चलने के लिए कहता था। संवाद
पहले भी हुई हैं कई चर्चित घटनाएं
1. जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी का 15 जुलाई को अपहरण कर चार लोगों ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने 20 जुलाई को किशोरी को खोज लिया था। इसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश कर उन्हें जेल भेजा।
2. बीते जून माह में सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में नौ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया था और घटना से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल हुआ था। इस मामले में दूसरे समुदाय के 65 साल के आरोपी को पुलिस ने पकड़ा था। आरोपी के घर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया था।
-
3. वर्ष 2021 में एक छात्रा के अपहरण व दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया था। छात्रा का शव गन्ने के खेत में मिला था। हालांकि पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर कोर्ट में आरोपियों को पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की थी।
एंटी रोमियो टीम की सक्रियता पर उठे सवाल
छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में सक्रिय एंटी रोमियो टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बीसलपुर क्षेत्र में एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ करीब एक वर्ष से कथित तौर पर पीछा करने और छेड़खानी की घटनाएं सामने आने के बाद भी मामला पुलिस तक नहीं पहुंच सका। इस घटना ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।
मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल, आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - राहुल पांडेय, सीओ, बीसलपुर