पीलीभीत। स्कूल जा रही किशोरी को मुंह पर कपड़ा डालकर जबरन कार में बैठा लिया। जानकारी होने पर क्षेत्र के लोगों ने पीछा किया तो उन पर कार चढ़ाने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जहानाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने सुनगढ़ी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ दिसंबर की सुबह उसकी 13 वर्षीय पुत्री घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी।
आरोप है कि रास्ते में ग्राम खरुआ निवासी रोहित ने अपने साथी सिमरिया निवासी नरेश के साथ उसका अपहरण कर लिया। घटना देख कुछ लोगों ने कार का पीछा करना शुरू किया।
आरोप है कि इस पर कार चालक ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश भी की। इस पर आरोपी बचने के लिए सुनगढ़ी थाने आ गए।
जानकारी पर आए परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी। ग्रामीण का कहना है कि इससे पूर्व भी युवक उसकी पुत्री का रास्ता रोककर अश्लील हरकतें कर चुका है। थाना प्रभारी पवन कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। किशोरी के मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। संवाद