गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन
- फोटो : संवाद
बदायूं के बिल्सी क्षेत्र के ग्राम बांस बरौलिया में हवा भरने से मना करने पर सिपाही ने छात्र को पीट दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिल्सी-वजीरगंज मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सिपाही विकास कुमार को एसएसपी ने निलंबित कर दिया।
बांस बरौलिया निवासी राजकमल पुत्र ओमप्रकाश का आरोप है कि उनका छह वर्षीय बेटा कक्षा छह का छात्र है। वह गांव में स्थित अपनी टायर पंक्चर की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान बिल्सी थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी वहां पहुंचा और बाइक के पहिये में हवा भरने को कहा। छात्र ने मना कर दिया। इसपर पुलिसकर्मी ने उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि इस दौरान छात्र बेहोश हो गया।
सड़क पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन
परिजन घायल छात्र को तत्काल बिल्सी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने बांस बरौलिया में बिल्सी-वजीरगंज रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर बिल्सी सीओ संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग करते रहे। काफी देर तक सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीओ बोले- निष्पक्ष जांच कराई जाएगी
सीओ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बिल्सी थाने का एक सिपाही पिता-पुत्र के बीच झगड़े की सूचना पर मौके पर गया था। जांच के दौरान परिजनों ने सिपाही पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रार्थनापत्र मिलने पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।