सड़क हादसों में छात्र और महिला की मौत
शहर और बिलसंडा में हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक छात्र और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम को भेजे हैं। शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी गन्ना सुपरवाइजर अनेंद्र गंगवार का 17 वर्षीय पुत्र सत्यम बेनहर कॉलेज में कक्षा 11 में पढ़ता था। बृहस्पतिवार सुबह कॉलेज जाने से पहले वह किसी काम से साइकिल लेकर मंडी समिति तक गया था। लगभग आठ बजे मंडी गेट के सामने आसाम रोड की ओर से आ रही ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। सामने से टक्कर लगने के बाद सत्यम ट्रक के नीचे आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची आसाम चौकी पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा। छात्र की मौत की सूचना से उसके घर में कोहराम मच गया। मां बाप सहित सभी परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए। सत्यम दो भाईयों में छोटा था। बड़ी बहन भावना हरदोई से बीटीसी कर रही है जबकि छोटा भाई आदित्य गंगवार बेनहर में कक्षा 10 में पढ़ रहा है। सुनगढ़ी प्रभारी हरगोविंद सिंह ने बताया कि चालक फरार हो गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बिलसंडा। बीसलपुर बिलसंडा मार्ग पर गांव गौहनिया के निकट डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई जबकि बाइक चल रहा युवक घायल हो गया। थाना क्षेत्र के गांव मैनी निवासी गोपाल मिश्रा गुरूवार को दोपहर बाइक से बीसलपुर जा रहा था। बाइक पर उसके भाई श्यामू की सास बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीठेर निवासी 51 वर्षीय धर्मवती बैठी थीं। रास्ते में गांव गौहनिया के पास सामने से आ रही डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उसे मामूली चोट आई जबकि धर्मवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें बिलसंडा सीएचसी लाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मृतका के घर वाले भी आ गए। मृतका के पुत्र मनोज, दीपक व रामू का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। घटना के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डीसीएम कब्जे लेकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। एसओ विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मृतक के परिवार के अमित की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।