नियुक्ति-पत्र जारी करने की मांग को लेकर शिक्षामित्रों ने चौथे दिन भी बीएसए कार्यालय परिसर में धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में सोमवार को जुलूस निकालकर डीएम को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
प्राथमिक शिक्षामित्र शिक्षक संघ और आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में द्वितीय बैच के शिक्षामित्रों ने रविवार को भी बीएसए कार्यालय परिसर में धरना दिया। जिलाध्यक्ष राम सिंह राठौर ने कहा कि शिक्षामित्रों के साथ अन्याय किया जा रहा है। एक ही बैच के शिक्षामित्रों को अलग-अलग तिथियों में नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं। इससे वरिष्ठता सूची में काफी अंतर आ जाएगा।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल वर्मा ने नियुक्ति-पत्र जारी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। तय हुआ कि सोमवार को जुलूस निकालकर डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। धरना देने वालों में वीरपाल सिंह, मुन्नेअली, गजेंद्र गंगवार, प्रियंका, अल्का मिश्रा, मोहनलाल, रेखारानी, अर्चना, गुरेंद्र कौर, धर्मादेवी, रेनू शर्मा, अंजन ढाली, परितोष, विकास यूनुस, प्रेमपाल, महेंद्र, अशोक, राजवीर, संदीप, नवीन आदि शामिल रहे।
नहीं सुधरी शिक्षामित्र की हालत
शनिवार को धरनास्थल पर बीसलपुर की शिक्षामित्र अनीता वर्मा और ललौरीखेड़ा की धर्मश्री की हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर शाम धर्मश्री की हालत में सुधार होने के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन अनीता की तबियत में सुधार न होने पर परिवार वालों ने उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।