फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी, बारिश ने फिर बिजली-पानी को तरसाया

Thu, 05 May 2016 10:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पीलीभीत
विज्ञापन
आंधी-बार‌िश - फोटो : pilibhit, beureu
विज्ञापन
बुधवार रात फिर आई आंधी और बारिश से जिला अस्पताल समेत कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। टनकपुर मार्ग, आवास विकास कार्यालय के सामने पेड़ गिरने से गुरुवार को यातायात प्रभावित रहा। सुबह कर्मचारियों ने कुछ स्थानों पर हुए मामूली फाल्ट ठीक कर बिजली सप्लाई सुचारु कर दी, लेकिन जिला अस्पताल समेत कुछेक स्थानों पर बिजली शाम तक नहीं आई। इससे पेयजल व्यवस्था भी चरमराई रही।
विज्ञापन

बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज आंधी के साथ बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन आंधी-बारिश से शहर की बिजली और पेयजल व्यवस्था बुरी तरह लड़खड़ा गई। टनकपुर रोड, पुलिस लाइन, अस्पताल रोड, आवास विकास कार्यालय रोड पर पेड़ गिरने से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। टनकपुर रोड पर पेड़ गिरने से रूपपुर कमालू बिजलीघर से आ रही हाईटेंशन लाइन भी टूट गई। इससे जिला अस्पताल, पुलिस लाइन, जाटों का चौराहा, लकड़ी मंडी, विनायक बिहार, निरंजनकुंज कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी समेत एक दर्जन से अधिक मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार सुबह टनकपुर और आवास विकास कॉलोनी रोड पर गिरे पेड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। बिजली कर्मचारियों ने शहर में छोटे फाल्ट तो दुरुस्त कर दिए, लेकिन जिला अस्पताल, जाटों का चौराहा, लकड़ी मंडी, आवास विकास कालोनी आदि स्थानों की बिजली सप्लाई शाम तक चालू नहीं की जा सकी थी।

जिला अस्पताल में मरीजों पर टूटी आफत
टनकपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से जिला अस्पताल की बिजली सप्लाई भी ठप हो गई। इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को पूरी रात बिजली के बिना गर्मी में गुजारनी पड़ी। हालांकि बृहस्पतिवार सुबह से दोपहर दो बजे तक अस्पताल में जनरेटर से बिजली दी गई, लेकिन इसके बाद जनरेटर बंद कर दिया गया। उमस और गर्मी से मरीजों और उनके तीमारदारों का बुरा हाल रहा। 
विज्ञापन


नहीं हटाए पेड़ में बंधे तार, फिर टला हादसा
आवास विकास कॉलोनी में गैस एजेंसी के सामने महकमे द्वारा पेड़ के सहारे बांध कर ट्रांसफार्मर तक ले जाए गए नंगे तारों में रात आंधी के दौरान एक बार फिर चिंगारी निकलने से मोहल्ले के लोग दहशत में आ गए। उधर, से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ देर में ही बिजली का तार टूट कर नीचे लटक गया। मोहल्ले वालों ने बताया कि उन्होंने एसडीओ टाउन को इसकी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। इसके चलते गुरुवार दोपहर तक आधी कॉलोनी की बिजली ठप रही। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि एसडीओ जानबूझकर व्यवस्था सही नहीं करा रहे हैं। 

तेज आंधी से कई स्थानों पर बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कर्मचारी लगातार फाल्ट दुरुस्त कर रहे हैं। जिन स्थानों पर बिजली सप्लाई ठप है, वहां हर हाल में शाम तक सप्लाई चालू कर दी जाएगी।
दीपक नेगी, एसडीओ टाउन

बारिश के साथ ओले भी गिरे
पूरनपुर। नगर सहित आसपास क्षेत्र में बुधवार शाम तेज आंधी के साथ हुई बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई। आंधी और ओलावृष्टि से आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है। बुधवार शाम आई तेज आंधी के साथ बारिश हुई। गांव मुजफ्फरनगर, धर्मापुर, दुधियाखुर्द, मथना सहित कुछ गांवों में ओलावृष्टि भी हुई। बारिश से गन्ना की फसल को खासा लाभ हुआ है, लेकिन ओलावृष्टि वाले क्षेत्रों में आम की फसल और पालेज को नुकसान हुआ है। 

छत से गिरकर युवक घायल
पूरनपुर। बुधवार शाम आई तेज आंधी में गांव बंजरिया निवासी तीस वर्षीय अनूप मिश्र छत से उतरते समय जीना से पैर फिसलने से गिरकर घायल हो गए। अनूप को इलाज के लिए बरेली ले जाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें