पीलीभीत। शहर के मोहल्ला छोटा खुदागंज में रंजिश को लेकर युवक को लाठी-डंडों से पीटा गया। बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी आरोपियों ने जमकर पीटा। करीब 20 मिनट तक अफरातफरी मची रही। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छोटा खुदागंज निवासी मुबारक अली ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मोहल्ले के ही दूसरे पक्ष की एक युवती परिवार के एक युवक के साथ चली गई। अभी उसका कोई पता नहीं लगा। इससे दूसरा पक्ष रंजिश मानने लगा। इस बात को लेकर बुधवार दोपहर करीब दो बजे दूसरे पक्ष के करीब 10 लोग लाठी-डंडे लेकर घर के बाहर आए और उस पर प्रहार करना शुरू कर दिया। शोर-शराबा पर उसके परिजन बचाने आए तो आरोपियों ने उन्हें भी दौड़ाकर पीटा। मारपीट में वह गंभीर घायल हो गया। कोतवाली के अलावा ठेका और खकरा चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने से पूर्व आरोपी भाग गए। आरोपी पक्ष के घरों में महिलाएं मौजूद मिलीं। पुलिस ने घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। मौके पर मिली आरोपी पक्ष की दो बाइक पुलिस ने जब्त कर ली। कोतवाली राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय पुलिस को नजर रखने की हिदायत दी गई है।