तीन दिवसीय दौरे पर परिवार के साथ आए राज्यमंत्री ने बृहस्पतिवार की रात महोफ और बराही रेंज में भ्रमण किया। आधी रात से अधिक समय तक भ्रमण के बाद भी राज्यमंत्री एवं उनके परिवार को बाघ देखने को नहीं मिला। अलबत्ता उन्हें बारहसिंघा, भालू एवं नीलगाय आदि देखकर संतोष करना पड़ा। शुक्रवार को सुबह भी जंगल में भ्रमण करने निकले। दोपहर को उनका काफिला गोमती उद्गम स्थल देखा। उन्होंने यहां दुर्गानाथ मंदिर में माथा टेका। स्थानीय लोगों ने राज्यमंत्री को उनके पिता तत्कालीन डीएम जयशंकर मिश्र द्वारा यहां कराए गए कार्यों की जानकारी दी साथ ही विकास कार्य कराने की मांग की। उन्होंने उद्गम स्थल का विकास कराने के लिए हर संभव प्रयास करने और अलग से बजट मुहैया कराने का आश्वासन मौजूद लोगाें को दिया। इस मौके पर पूरनपुर विधायक पीतमराम, सपा जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव, राममूर्ति सिंह, अतुल सिंह, एसओ राजेंद्र सिंह सहित कई लोेग मौजूद रहे।
माधोटांडा को ब्लाक बनाने की मांग
गोमती उद्गम स्थल पहुंचने पर कस्बा निवासी अतुल सिंह और राममूर्ति सिंह ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि पूरनपुर ब्लाक को विभाजित कर शासन ने माधोटांडा को ब्लाक बनाने का प्रस्ताव मांगा था। इस पर जमीन आदि का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। राज्यमंत्री से माधोटांडा को ब्लाक बनाने की मांग की गई है।
टाइगर रिजर्व देखने जल्द आएंगे मुख्यमंत्री
माधोटांडा। चूका स्पाट और विभिन्न रेंजों में भ्रमण के बाद पत्रकारों से वार्ता में राज्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत के जंगल काफी खूबसूरत हैं और पर्यटन के लिहाज से काफी अच्छी जगह है। कुछ कमियां दिखी हैं, जिन्हें दूर कराकर इसे और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री कई बार यहां आने का कार्यक्रम बना चुके हैं। जल्द उन्हें यहां की स्थिति से अवगत कराकर लाया जाएगा।