आतंकवाद के विरोध में गांधी स्टेडियम में चल रही जिलास्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन सेमीफाइनल मैच हुए।
शहर के गांधी स्टेडियम में चल रही प्रतियोगिता में बुधवार को पहला सेमीफाइनल मैच गांधी स्टेडियम ट्रेनीज व बेनहर पब्लिक स्कूल की टीम के बीच खेला गया। स्टेडियम ट्रेनीज के प्रमोद पंत व रजत ने एक एक गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। बेनहर के शिवांश ने भी बेहतरीन गोल किया, लेकिन स्टेडियम ट्रेनीज ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए बेनहर टीम को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरी सेमीफाइनल मैच नेताजी सुभाष क्लब न्यूरिया व यूथ क्लब मझोला के बीच हुआ। पहले हॉफ तक दोनों टीमें कोई भी गोल नहीं कर सकी। दूसरे हॉफ में भी दोनों टीमों ने गोल करने के कई अवसर गंवा दिए। इस सेमीफाइनल का मैच ट्राइवेकर द्वारा किया गया। इसमें नेताजी सुभाष क्लब ने यूथ क्लब को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पूर्व उप क्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। निर्णायक की भूमिका प्रमोद पंत व अजय सोनकर रहे। आयोजन समिति अध्यक्ष अरविंद देवल ने बताया कि स्टेडियम ट्रेनीज व नेताजी सुभाष क्लब न्यूरिया के बीच फाइनल मैच 26 नवंबर को खेले जाएगा।