जहानाबाद। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 49वीं वाहिनी की ओर से सीमावर्ती गांव गाभिया सहराई में निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें 22 पशुपालकों के 204 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही पशुओं को मौसमी बीमारियों से बचाने और बेहतर देखभाल के तरीके बताए गए।
कमांडेंट शेर सिंह चौधरी के दिशा-निर्देशन में 49वीं वाहिनी की सी कंपनी ने सीमा स्तंभ संख्या-17 के कार्यक्षेत्र में शिविर का आयोजन किया। इसमें क्षेत्रक मुख्यालय पीलीभीत के कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. गुरविंदर जीत सिंह ने पशुओं का परीक्षण किया। उन्होंने पशुपालकों को पशुओं के उचित पोषण, मौसमी बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार कराने के संबंध में परामर्श दिया। कमांडेंट शेर सिंह चौधरी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में पशुधन की सुरक्षा करना और पशुपालकों को बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। एसएसबी सुरक्षा के साथ सीमावर्ती ग्रामीणों के कल्याण और उनके साथ आपसी विश्वास व सौहार्दपूर्ण संबंध मजबूत करने के लिए भी निरंतर प्रयास कर रही है।