पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले की सभी बालवाटिका और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस बार विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देशानुसार बीएसए अमित कुमार ने शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित कराएं और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और सजावट भी बेहतर करें। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, सामाजिकता और आनंददायक शिक्षा का अनुभव बढ़ाना है।
निर्देश के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस से पहले विद्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाकर भवन, कक्षाएं, बालवाटिका कक्ष, लर्निंग कॉर्नर, स्टोरी सेक्शन, फोम मैट, दरी आदि की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, विद्यालयों को फूल-पत्तियों, गुब्बारों, झंडियों और रंगोली से सजाया जाएगा, जिससे बच्चों को उत्सव का वातावरण मिले। कार्यक्रमों में बच्चों के लिए खेलकूद, चित्रकला, सांस्कृतिक प्रस्तुति और अन्य प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके लिए विद्यालय प्रबंध समिति, अभिभावक समुदाय के सदस्य और क्षेत्रीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। बीएसए ने बताया कि आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाना, सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहन देना और स्वतंत्रता दिवस के महत्व को समझाना है।