पीलीभीत। बेसिक शिक्षा विभाग में खेलकूद की प्रतियोगिताएं स्कूल, ग्राम पंचायत और न्याय पंचायत स्तर पर 15 सितंबर तक कराई जाएंगी। उसके बाद 25 सितंबर तक ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं कराए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि विद्यालय स्तर से न्याय पंचायत स्तर तक की खेलकूद प्रतियोगिताएं 15 सितंबर तक कराई जाएं। इसके बाद 25 सितंबर तक ब्लॉक स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं ।
शिक्षा निदेशक बेसिक की ओर से जारी खेल कैलेंडर में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए खेलकूद कराए जाएं । इसके अलावा बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम के तहत शतप्रतिशत विद्यालयों और उनमें शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र-छात्राओं, खेल शिक्षकों का रजिस्ट्रेशन सात सितंबर तक प्रत्येक दशा में पूरा कराया जाए ।
शासन के आदेश के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को जारी किया है। खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी आदेश में कहा है कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जल्दी इसको लेकर समीक्षा की जाएगी। छात्र-छात्राओं का पंजीकरण विकसित पोर्टल पर न करने के मामले को गंभीरता से लिया जाएगा ।