पीलीभीत। टोक्यो में 23 जुलाई से होने जा रहे ओलंपिक में जनपद निवासी सिमरनजीत सिंह भी भारतीय हॉकी टीम की ओर से खेलेंगे। सिमरनजीत सिंह के टीम में चयन के बाद उनके घर में खुशी का माहौल है। पिता इकबाल सिंह तो बेटे के टीम में शामिल होने से खासे उत्साहित हैं। बोले - बेटे पर हमेशा नाज रहा है, इस बार भी बेटा विदेशी धरती पर प्रतिद्वंदियों को परास्त कर देश लौटेगा।
जनपद के मझोला क्षेत्र के मझारा फार्म निवासी किसान इकबाल सिंह के पुत्र हॉकी खिलाड़ी सिमरनजीत सिंह जनपद के मात्र इकलौते खिलाड़ी हैं, जिन्होंने भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा बनकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। हालांकि सिमरनजीत ने जनपद में हॉकी का कोई प्रशिक्षण न लेते हुए चीना हॉकी एकेडमी बटाला और सुरजीत हॉकी एकेडमी जालंधर में कोचों के सानिध्य में हॉकी की बारीकियां सीखीं और वर्ष 2006-07 में जूनियर राष्ट्रीय हॉकी कप में धमाकेदार आगाज किया। वर्ष 2016 में जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में सिमरनजीत सिंह के गोल से ही भारतीय टीम विश्व विजेता बनी। वर्ष 2017 में सिमरनजीत सिंह भारतीय हॉकी टीम में शामिल हुए। वर्तमान में वह बंगलूरू में कैंप कर ओलंपिक की तैयारी कर रहे हैं। इधर, टोक्यो ओलंपिक में भाग होने वाली हॉकी टीम में सिमरनजीत सिंह की मेहनत और लगन को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल किया गया है। सिमरनजीत सिंह ने बताया कि भारतीय टीम इस बार पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर रही है। सिमरनजीत सिंह के चयन से उनके घर खुशी का माहौल है। पिता इकबाल सिंह और मां मंजीत कौर ने बताया कि बेटे से दो दिन पहले बात हुई थी। टीम 17 को टोक्यो के लिए रवाना होगी। सिमरनजीत जीत कर ही वापस लौटने का वादा किया है।