युवाओं को वोटर बनाने को चलेगा विशेष अभियान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर युवाओं को वोटर बनाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें 18 से 21 वर्ष के युवाओं का नाम निर्वाचन नामावली में जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। एडीएम ने प्रेसवार्ता कर मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम पर विस्तार से जानकारी दी।गांधी सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एडीएम अजयकांत सैनी ने कहा कि पिछले दिनों चले मतदाता पुनरीक्षण अभियान के बाद यह देखने को मिला है कई युवा वोटर बनने से वंचित रह गए। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोजन ने विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। युवा भारतीय नागरिक के नाम से चलने वाले इस अभियान में पहली जून से 30 जून तक प्रशिक्षण एवं तैयारियां की जाएंगी। इसके बाद पहली जुलाई से बीएलओ डोर टू डोर जाकर युवाओं के आवेदन (फार्म-6) प्राप्त करेंगे। इसके बाद 31 अगस्त तक दावे आपत्तियों का निस्तारण होगा। उन्होंने बताया इसके बाद प्रिंटिंग, प्रकाशन एवं अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मतदाता पुनरीक्षण में युवाओं के साथ महिला पुरुष मतदाता अनुपात भी दुरुस्त करने की तैयारी है। बहुधा 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने बाद भी परिवार की लकड़ियों के वोट नहीं बनवाए जाते। इस पुनरीक्षण में इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।