सड़क हादसों की रोकथाम और जाम की समस्या से जनता को निजात दिलाने के लिए पुलिस महकमे की ओर से कवायद तेज कर दी गई है। टनकपुर हाईवे पर गौहनिया, बेनहर चौराहा, छतरी चौराहा, नौगवां चौराहा, डिग्री कालेज चौराहा पर अतिक्रमण का चिह्नीकरण के बाद चौराहा के दो सौ मीटर की दूरी पर लगे खोका व ठेलों को हटवा दिया गया था। शुक्रवार को दोबारा खोका लगने की जानकारी मिलने पर एसपी ने दोबारा पुलिस भेजकर कार्रवाई कराई। इसके बाद अब इसकी निगरानी और कार्रवाई के लिए अलग से विंग का गठन किया है। एसपी ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अतिक्रमण विरोधी दस्ता बनाया है। इसके प्रभारी के तौर पर क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर शक्ति सिंह को कमान सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में गठित की गई टीम अतिक्रमण का चिह्नीकरण करेगी। इसके बाद थाना पुलिस की मदद से उसको हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में जाम की समस्या पर बात करें तो हाईवे से अधिक समस्या भीतर के इलाकों में है। इसमें रेलवे स्टेशन रोड और खासकर मुख्य बाजार व जेपी रोड है। गैर चौराहा पर वैसे तो चार पहिया वाहनों के लिए नो इंट्री लागू की गई है, लेकिन इसका कभी भी पालन नहीं कराया जा सका है। व्यापारियों व रसूखदार लोगों के वाहनों की इंट्री रोकने में पुलिस नाकाम रही है। दुकानों के आगे व्यापारियों ने अपना सामान सड़कों पर रखकर अतिक्रमण कर रखा है। जिसको हटाने की जिम्मेदारी थाना पुलिस को दी गई। चालान करने के निर्देश भी अफसर आए दिन देते रहते है लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। अफसरों को खुश करने एवं फटकार से बचने के लिए पुलिस की सख्ती खोका व ठेला व्यापारियों तक सीमित रह गई है। अब शहर विधायक संजय सिंह गंगवार खुद नो इंट्री एवं बाजार के अतिक्रमण को लेकर सख्ती की बात कह रहे है। नेता, अधिकारी आदि सभी के लिए एक ही नियम लागू कराने का दावा किया गया है।