एमएलसी चुनाव को लेकर जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन पीलीभीत बारात घर में हुआ। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हाजी रियाज अहमद ने कहा कि सपा प्रत्याशी को जिले से 90 फीसदी वोट दिलाकर रिकार्ड मतों से जीत दिलाई जाएगी।
पीलीभीत-शाहजहांपुर विधान परिषद सीट पर चुनाव के लिए शनिवार को टनकपुर रोड स्थित बैंक्वेट हाल में जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, नगर पालिका और नगर पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों की बैठक हुई। सपा प्रत्याशी अमित यादव रिंकू ने सभी जनप्रतिनिधियों से सहयोग देकर चुनाव जिताने की अपील की। राज्यमंत्री ने कहा कि गत चुनाव में रिंकू को सत्ता के बल पर हरा दिया गया था। इस बार उनकी एकतरफा जीत होगी। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों से राज्यमंत्री ने कहा कि निराश न हों उनके मान और सम्मान का पूरा बंदोबस्त किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में जनप्रतिनिधियों को मिले अधिकारों की जानकारी देकर सपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने भारी बहुमत से जिताने के साथ शाहजहांपुर में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक को पूरनपुर विधायक पीतमराम सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव ने सभी ब्लाकों में चुनाव कराने को प्रभारी नियुक्त करने के साथ ही जिले में बैठकों का कार्यक्रम घोषित किया। बैठक का संचालन अमित पाठक ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य, नगरपालिका व नगर पंचायत सदस्य मौजूद रहे।