पीलीभीत। सीबीएसई 10वीं का परिणाम जारी होते ही इस बार छात्राओं की खुशी और उत्साह साफ नजर आया। परिणामों में लड़कियों ने न केवल बेहतर प्रदर्शन किया, बल्कि छात्रों को पीछे छोड़ते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा भी मनवाया।
बीसलपुर के स्कॉलर्स स्कूल की छात्रा धनिष्ठा ने शानदार अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर छात्राएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
गौरतलब है कि पिछले सत्र में लिटिल एंजेल्स स्कूल के छात्र अनंत ने जिला टॉप किया था, लेकिन इस बार परिदृश्य बदला नजर आया और छात्राओं ने बढ़त बनाई। देर रात तक जारी परिणाम सूची में भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा। शिक्षकों और अभिभावकों का मानना है कि छात्राओं की सफलता उनके अनुशासन, निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। संवाद