थाना जहॉनाबाद के गांव परैवा वैश्य में हुई डकैती के मामले में तमाम ग्रामीण और पीड़ित सपा जिला महासचिव तसलीम शान खां के साथ एसपी से मिले और एसओ द्वारा बोलकर लिखाई गई तहरीर पर रोष जताया। पीड़ित ने एसपी से कहा कि साहब! बहुत कहा, लेकिन एसओ नहीं माने और उसकी तहरीर फेंक दी। दूसरी तहरीर खुद लिखवाकर पूरी घटना डकार ली। एसपी ने पहली तहरीर को दर्ज मुकदमे में शामिल कराने का आश्वासन दिया।
11 नवंबर की रात बदमाशों ने गांव परैवा वैश्य निवासी किसान और व्यापारी बाबू कुरैशी के घर पर धावा बोल दिया था। परिवार के सभी लोगों को बंधक बनाकर पिटाई की थी। दो वर्षीय मोहम्मद सैफ की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मार देने की धमकी दी। ग्रामीणों के दबाव डालने पर बदमाश ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए दो लाख की नगदी समेत 20 तोला सोना लूटकर भाग निकले थे। पीड़ित ने थाना पहुंचकर घटना की तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने तहरीर देखने के बाद लेने से इंकार कर दिया था। एक सिपाही को बुलाकर एसओ ने खुद बोलकर तहरीर लिखवाई और धाराओं में खेल करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस की इस कारगुजारी से नाराज पीड़ित और तमाम ग्रामीण सपा जिला सचिव तसलीम शान खां के साथ एसपी से मिले और पहली तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए एसओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने एसपी को बताया कि उन्होंने जब तहरीर दी थी तो उसे देखने के बाद एसओ ने तहरीर फेंक दी और सिपाही को बुलाकर खुद बोलकर तहरीर लिखाई और उसका अंगूठा लगवा लिया। एसपी ने पहली तहरीर को दर्ज मुकदमे में शामिल कराने का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने टेके घुटने जागते रहो.. करा रही ऐलान
ताबड़तोड़ चोरी, लूट और डकैती की घटनाओं को रोक पाने में नाकामयाब जहॉनाबाद पुलिस बदमाशों के सामने घुटने टेकती नजर आ रही है। गश्त व्यवस्था मजबूत करने और डकैतों पर अंकुश लगाने की बजाय पुलिस अब धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों का सहारा ले रही है। ग्रामीणों ने एसपी से कहा कि पुलिस गश्त नहीं करती है। गश्त बढ़ाने और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास करने के बजाय पुलिस गांव के तीन धार्मिक स्थलों से रात भर जागने का एलान करा रही है। ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री से मिलकर करूंगा शिकायत
सपा जिला सचिव तसलीम शान खां ने बताया कि वह शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलेंगे और एसओ के कारनामों का काला चिट्ठा सामने रखकर कानून व्यवस्था की जानकारी देंगे। उन्होंने एसपी से एसओ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसपी जवार का कहना है कि पीड़ित सहित गांव के कई लोग मिले थे। एसओ पर खुद बोलकर तहरीर लिखाने की शिकायत की है। इसकी जांच कराई जाएगी। पीड़ित ने जो पहले थाने पर तहरीर दी है, उसे दर्ज मुकदमे में शामिल करने के निर्देश एसओ को दिए हैं।