पीलीभीत। बिलसंडा ब्लॉक के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बमरौली में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने के प्रयास लगातार जारी हैं। विद्यालय में आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास की शुरुआत से बच्चों को तकनीकी ज्ञान और नवाचार सीखने का अवसर मिल रहा है। कंप्यूटर, एलईडी स्क्रीन और स्मार्ट टीवी जैसे संसाधनों के उपयोग से शिक्षा की तस्वीर तेजी से बदल रही है।
वर्ष 1954 में उच्च प्राथमिक विद्यालय के रूप में स्थापित यह संस्थान वर्ष 2020 में संविलयन के बाद कंपोजिट विद्यालय बना और सत्र 2024-25 में इसे पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित किया गया। विद्यालय का नाम बदलकर पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बमरौली कर दिया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार के प्रयासों से विद्यालय को सुदृढ़ बनाने में स्थानीय स्तर से भी सहयोग मिला। अभिभावकों और समाजसेवी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने स्मार्ट टीवी दान किया, जबकि बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने चार कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराए। शासन स्तर से आईसीटी लैब स्थापित करने के लिए 11 कंप्यूटर, दो एलईडी, एक स्मार्ट टीवी और इनवर्टर सेट दिए गए। लैब के लिए आवश्यक फर्नीचर भी पहले ही उपलब्ध कराया जा चुका है।
विद्यालय में बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों पर ध्यान दिया जा रहा है। खेल गतिविधियों के लिए विशेष धनराशि से सामग्री खरीदी गई, जबकि शारीरिक शिक्षा के लिए अनुदेशक की तैनाती की गई। विद्यालय में 20 कमरे, पर्याप्त फर्नीचर, विशाल खेल प्रांगण और चार रसोइयों के सहयोग से गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन की व्यवस्था है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी प्रयास तेज
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस वर्ष विद्यालय परिसर में 550 पौधे लगाए गए हैं। साथ ही तीन आंगनवाड़ी केंद्र भी यहीं संचालित हो रहे हैं, जहां टीएलएम और बाला कृतियों से सुसज्जित दीवारें बच्चों की सीखने की रुचि को और बढ़ा रही हैं। इस प्रकार बमरौली का पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय शिक्षा और संसाधनों का बेहतरीन उदाहरण बनता जा रहा है।
-