पीलीभीत। शहर कोतवाली व बरखेड़ा पुलिस के अलावा एसओजी टीम ने शहर के लाल रोड स्थित एक स्मैक तस्कर के घर दबिश दी। यहां से एक युवक को हिरासत में लिया गया। यहां संदिग्ध सामान भी मिला।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मदीना शाह निवासी गय्या वाले के यहां मादक पदार्थों की बिक्री का काम पिछले काफी समय से चल रहा है। पूर्व में भी पुलिस ने कई बार दबिश देकर युवक के घर से मादक पदार्थों की बरामदगी की है। बावजूद इसके उसने मादक पदार्थों की बिक्री बंद नहीं की।
पुलिस को पता चला कि उसके यहां लोग चोरी का सामान लेकर आते हैं और नशे का सामान ले जाते हैं। पुलिस को यह भी पता चला कि थाना बरखेड़ा क्षेत्र में हुई एक चोरियों का सामान भी यहां बेचा गया। सूचना पर मंगलवार को कोतवाली पुलिस, बरखेड़ा और एसओजी की टीम गय्या वाले के घर पहुंची।
पुलिस ने दबिश देकर उसके घर से एक युवक को पकड़ा। घर से एक बोरा भी बरामद किया गया है। लगभग आधे घंटे तक तलाशी अभियान के बाद पुलिस टीम लौट गई। प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि एक सूचना पर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्कर के आरोपी के यहां दबिश दी थी।