जिले में समाजवादी पेंशन की स्थिति प्रारंभ से ही आरोपों के घेरे में रही। बुधवार को डीएम ने सीडीओ कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों की बैठक लेकर समीक्षा की और प्रगति धीमी होने पर उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी से इसका कार्य लेकर अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सौंपने और जांच कर कार्रवाई के निर्देश सीडीओ को दिए।
सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट समाजवादी पेंशन के लिए जिले को 48 हजार का लक्ष्य मिला था लेकिन अभी सूची को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। शासन को एक माह पूर्व ही फाइनल सूची भेजी जानी थी ताकि समय से सभी लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेजी जा सके लेकिन मार्च के पांच दिन शेष होने के बाद भी लगभग पांच हजार पात्रों की सूची में सुधार किया जाना है।
इस पर बुधवार को डीएम ने सीडीओ कार्यालय में सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी, समाज कल्याण अधिकारी राजेश शर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार के साथ बैठक की समीक्षा। अब तक सूची फाइनल न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी की फटकार लगाई और उनसे इसका कार्य वापस लेकर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सौंपा दिया।
उन्होंने समाजवादी पेंशन में हुई लापरवाही और देरी के लिए समाज कल्याण अधिकारी की जांच कर कार्रवाई के निर्देश भी सीडीओ दिए। सीडीओ ने बताया दो दिन सूची की ऋुटियों को दूर कर ऑनलाइन कर दिया जाएगा ताकि सभी लाभार्थियों के खाते में 31 मार्च से पूर्व पेंशन की धनराशि पहुंच सके।