रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर लग रहीं स्वचालित सीढि़यां स्रोत : यात्री
हीलाहवाली का लगाया आरोप, रेलमंत्री को भेजा शिकायती पत्र
पीलीभीत। अमृत भारत स्टेशन योजना से पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर कराए जा रहे निर्माण कार्य की सुस्त पड़ी रफ्तार की शिकायत केंद्रीय रेल मंत्री से की गई है। इसमें निर्माण में हीलाहवाली का आरोप लगाया गया है। पीलीभीत रेलवे स्टेशन का अधिकांश कार्य दिसंबर 2025 में पूरा होना था।
शहर में स्टेशन मार्ग पर सिविल लाइंस साउथ के रहने वाले क्षेत्रीय रेलवे परामर्शदात्री समिति पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सदस्य दीपक अग्रवाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत सुंदरीकरण व अन्य कार्य चल रहे हैं। इसमें रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट, स्वचलित सीढि़यां, प्लेटफार्म का विस्तार आदि शामिल है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन पर हो रहे काम की गति काफी धीमी है। इस संबंध में वह पूर्व में भी शिकायत कर चुके हैं। निर्माण की धीमी रफ्तार की वजह से यात्रियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जो कार्य दिसंबर 2025 में पूरे होने थे। वह अब तक अधूरे हैं। स्टेशन के नए भवन का काम 2027 तक पूरा होना है। मगर इस कार्य की रफ्तार भी धीमी है। रेलवे स्टेशन के बाहर भी अव्यवस्थाएं फैली हैं। शिकायती पत्र के साथ उन्होंने स्टेशन पर कराए जा रहे निर्माण की फोटो भी रेल मंत्री को भेजी हैं। संवाद