संवाद न्यूज एजेंसी बीसलपुर। समिति क्षेत्र के किसानों को पौध प्रजाति के गन्ने की पर्चियां नहीं मिल पा रही हैं, इससे 60 हजार किसान परेशान हैं। इस समिति क्षेत्र में पौध गन्ना तैयार हो चुका है।
गन्ना विभाग के अभिलेखों के अनुसार सहकारी गन्ना विकास समिति क्षेत्र में कुल 60 हजार गन्ना उत्पादक किसान हैं। इन किसानों के पास पौध और पेड़ी दोनों प्रकार का गन्ना है। गन्ना विभाग पहले किसानों को पेड़ी प्रजाति के गन्ने की पर्चियां उपलब्ध कराता है। इसके बाद पौध प्रजाति का गन्ना तैयार होने पर दिसंबर में किसानों को पौध प्रजाति के गन्ने की पर्चियां दी जाती हैं।
क्षेत्र में किसानों के खेतों में पौध प्रजाति का गन्ना बिल्कुल तैयार हो चुका है, लेकिन विभाग के अधिकारी अभी पौध प्रजाति के गन्ने की पर्चियां उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। तमाम किसान रोजाना समिति कार्यालय में पौध प्रजाति के गन्ने की पर्चियां उपलब्ध कराए जाने के सिलसिले में आते और मायूस होकर लौट जाते हैं।
किसानों को गन्ने की पौध प्रजाति की पर्चियां न मिलने से परेशानी हो रही है। लापरवाही के लिए गन्ना विभाग के अधिकारी जिम्मेदार हैं। - राजेंद्र प्रसाद गन्ना कृषक, गांव बिचपुरी
पौध प्रजाति के गन्ने की पर्चियां उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारी जान-बूझकर विलंब कर रहे हैं। उसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।- नितिन कुमार, गन्ना कृषक, गांव पकड़िया बिंदुआ
वर्जन :
किसानों को पौध प्रजाति के गन्ने की पर्चियां जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में मिलनी शुरू हो जाएगी।- राजेश कुमार, सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति बीसलपुर
बीसलपुर के एक खेत में तैयार खड़ा पौध प्रजाति का गन्ना।संवाद
बीसलपुर के एक खेत में तैयार खड़ा पौध प्रजाति का गन्ना।संवाद