पीलीभीत। हरिद्वार नेशनल हाईवे पर जहानाबाद क्षेत्र शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। बरेली रेफर किए गए घायल ने उपचार के दौरान रविवार दोपहर में दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद उसके शव को अमरिया क्षेत्र में स्थित रिश्तेदार के घर लाया गया। इस हादसे में मृतक की पत्नी और उनके पुत्र की शनिवार को ही मौत हो चुकी है। मृतक पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और अमरिया क्षेत्र में एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। अब तीनों के शवों को बंगाल ले जाने के लिए रिश्तेदार अमरिया पहुंच रहे हैं।
जहानाबाद क्षेत्र में बिसेन गांव के पास फॉर्च्यूनर कार और टेंपो में आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। जांच में कार की तेज रफ्तार और ओवरटेक हादसे का कारण माना गया है। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर, जबकि एक अन्य महिला की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। वहीं आठ लोग घायल हो गए थे।
घायलों में दो की हालत गंभीर थी, जिन्हें बरेली रेफर किया गया था। जहां रविवार को उपचार के दौरान जहांगीर 40 पुत्र अंगूर शाह निवासी मदनापुर पश्चिम बंगाल की मौत हो गई। बरेली में पोस्टमॉर्टम के बाद शव को अमरिया क्षेत्र के तिरकुनिया नसीर गांव लाया गया। इस हादसे में मृतक जहांगीर की पत्नी फरीदा बी 32 और पुत्र जानेसार 10 की शनिवार को हादसे में पहले ही मौत हो चुकी है।
पीलीभीत में पोस्टमॉर्टम के बाद इन दोनों के शव भी तिरकुनिया नसीर गांव लाए गए थे। अब जहांगीर का शव भी वहां लाया गया है। परिजनों के अनुसार, जहांगीर के बहनोई इमरान तिरकुनिया नसीर में रहते हैं। उन्हीं के यहां जहांगीर अपने परिवार के साथ आ रहे थे। अब तीनों के शव पश्चिम बंगाल ले जाने के लिए मृतकों के परिजन अमरिया पहुंच रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद शनिवार को अफरातफरी के माहौल में मृतक और घायलों को ट्रेस करने में समस्या हुई। इसके चलते घायलों की सूची में जहांगीर का नाम शामिल नहीं हो सका। हालांकि देर रात जहांगीर के भी घायल होने की स्थिति भी स्पष्ट हो गई थी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि हादसे के बाद जहांगीर की मौत की भी सूचना मिली है। गंभीर घायल होने की वजह से जहांगीर को तत्काल बरेली रेफर किया गया था। इस कारण उसकी जानकारी नहीं हो सकी थी।
गमगीन माहौल में हुए अंतिम संस्कार
पीलीभीत। जहानाबाद में हुए हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हुई थी। प्रशासन की गंभीरता के बाद शनिवार रात को ही मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मृतकों में नौगवा पकड़िया निवासी रजिदा और उनकी तीन वर्षीय नातिन हमजा का रविवार दोपहर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भीड़ जुटी रही। इसके अलावा विजय का जहानाबाद के दलेलगंज गांव में परिजनों ने नम आंखों से अंतिम संस्कार किया। संवाद
अमृतसर की महिला के नाम निकली फॉर्च्यूनर, तीन सदस्यीय कमेटी करेगी हादसे की जांच
-जहानाबाद हाईवे हादसा
- डीएम के आदेश पर कमेटी गठित, यात्रीकर अधिकारी, ट्रैफिक इंचार्ज के अलावा पीडब्ल्यूडी के अभियंता करेंगे विस्तृत पड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जहानाबाद क्षेत्र के हरिद्वार नेशनल हाईवे पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। फॉर्च्यूनर और टेंपो की आमने-सामने की भिड़ंत में एक घंटे के भीतर पांच और रविवार को उपचार के दौरान घायल एक अन्य समेत छह लोगों की मौत हो गई। अब इस हादसे की जांच के लिए प्रशासन ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। इसमें संभागीय परिवहन विभाग, पुलिस और लोक निर्माण विभाग के अफसरों को शामिल किया गया है। वहीं टक्कर मारने वाली फॉर्च्यूनर पंजाब के अमृतसर की एक महिला की निकली है। पुलिस उसके मालिक के बारे में विस्तृत पता लगा रही है।
जहानाबाद क्षेत्र में हुए हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या छह हो गई। इनमें दो बच्चे भी शामिल हैं, जबकि आठ लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना था। शासन स्तर से भी हादसे का संज्ञान लेकर डीएम से जानकारी मांगी गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया।
हादसे की विस्तृत जांच के लिए डीएम की ओर से कमेटी का गठन किया गया। इसमें संभागीय परिवहन विभाग के यात्रीकर अधिकारी, पीडब्ल्यूडी के अभियंता और ट्रैफिक पुलिस प्रभारी शामिल किए गए हैं, जो दुर्घटना के तकनीकी कारणों और मानवीय लापरवाही की बारीकी से जांच करेंगे।
जांच में यह सामने आया कि फॉर्च्यूनर पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और वाहन बिल्कुल नया था। परिवहन विभाग और पुलिस की जांच में स्पष्ट हुआ कि गाड़ी पंजाब के अमृतसर निवासी किरनजीत कौर पत्नी अमोलकर सिंह के नाम पंजीकृत है। अब पुलिस वाहन मालिक और चालक के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस भीषण हादसे से क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।
फॉर्च्यूनर की स्पीड 100 के पार होने की आशंका, एयरबैग दे रहे गवाही
जिस फॉर्च्यूनर कार की टक्कर टेंपो से हुई उसकी स्पीड अनियंत्रित थी। अफसरों की जांच में सामने आया कि कार की स्पीड सौ से अधिक रही रहेगी होगी। इसके चलते कार के एयरबैग भी खुल गए। कार के आगे का भाग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। तेज स्पीड में ओवरटेक के चलते हादसा होने की बात सामने आई है। एआरटीओ के अनुसार, हादसे के समय कार की स्पीड सौ के पार होने की आशंका है।
पेट्रोल पंप के निकट दीवार के निर्माण को लेकर भी जुटाई गई जानकारी
जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां निर्माणाधीन पेट्रोल पंप की दीवार को हाईवे से सटे इलाके में खड़ा किया गया है। राहगीरों के अनुसार, दीवार भी हादसे का वजह बन रही है। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। हादसे वाले स्थान के बाद दीवार को लेकर भी जांच की जा रही है। इस संबंध में एनएचएआई से भी संपर्क किया गया है।
जहानाबाद हाईवे पर हुए हादसे में क्षतिग्रस्त खड़ी फार्च्यूनर। फाइल फोटो