कुपोषित बच्चों के चयन को जिले में दो चरणों में मनाए गए वजन दिवस में छह हजार बच्चे अतिकुपोषित और 28 हजार बच्चे कुपोषित पाए गए हैं। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी है।
राज्यपोषण मिशन के तहत जिले में कुपोषित बच्चों के चयन को सात सितंबर तीन परियोजनाओं और दस सितंबर को पांच परियोजनाओं के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का वजन लिया गया था। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत 2,85,517 का वजन लिया जाना था। लेकिन दोनों चरणों में मात्र 1,92,392 बच्चों का ही वजन लिया जा सका।
वजन किए गए बच्चों में 1,58,127 बच्चे सामान्य, 28,288 कुपोषित और 5,977 अतिकुपोषित पाए गए। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों से प्राप्त रिपोर्ट को कंपाइल कर विभाग ने रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर ने बताया जिन बच्चों का वजन लिया गया था उनकी रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है। छूटे बच्चों का वजन बाद में कराकर अलग से रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
फैक्ट फाइल
परियोजनाएं 08
आंगनबाड़ीं केंद्र 1960
पंजीकृत बच्चे 2.85,517
वजन किए बच्चे 1,92,392
सामान्य बच्चे 1,58,127
कुपोषित बच्चे 28,288
अतिकुपोषित 5,977