अलियापुर होते हुए पौटां कला जाने वाला मार्ग। संवाद
पीलीभीत। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ने वाली छह सड़कों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की तैयारी है। शासन से इसके लिए करीब 20 करोड़ की धनराशि आवंटित होने के बाद सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की कई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की उम्मीद जगी है। इनमें खमरिया कनाकोर-उमरसड़ मार्ग के 11.90 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण प्रमुख है। इसके अलावा बरखेड़ा, बीसलपुर और सदर क्षेत्र में गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए संपर्क सड़कें बनाई जाएंगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर ग्रामीणों को शहर, जिला मुख्यालय, तहसील, बाजार और कृषि उपज मंडियों तक पहुंचने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न जरूरतों के लिए पीलीभीत शहर पहुंचते हैं। किसानों को फसल बेचने, खाद-बीज खरीदने और कृषि संबंधी कार्यों के लिए मंडियों व बाजारों तक जाना पड़ता है। वहीं विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज, मरीजों को अस्पताल तथा नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थलों तक पहुंचने के लिए सड़कों पर निर्भर रहना पड़ता है। संपर्क मार्गों की स्थिति खराब होने या मुख्य सड़क तक पहुंचने का सीधा रास्ता नहीं मिलने से कई बार अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। प्रस्तावित परियोजनाओं का उद्देश्य गांवों से मुख्य मार्गों तक पहुंच आसान बनाना और शहर के साथ उनकी कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
निर्माण पूरा होने पर ही मिलेगा लाभ : सड़क परियोजनाओं के लिए धनराशि आवंटित होना काम आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, ग्रामीणों को वास्तविक राहत तभी मिलेगी, जब सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शुरू होकर समयसीमा में पूरे किए जाएं। निर्माण के दौरान सड़क की चौड़ाई, जलनिकासी, आधार की मजबूती और निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देना जरूरी होगा।