ग्राम मचवाखेड़ा में आग से झुलसी महिला । संवाद
पीलीभीत/बरखेड़ा। ब्लॉक के गांव मचवाखेड़ा में एक ग्रामीण के घर मंगलवार रात अचानक आग लग गई। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते वहां बंधी नौ बकरियां जिंदा जल गईं। बकरियों को बचाने के प्रयास में महिला भी झुलस गई। सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर जाकर सर्वे किया।
मंगलवार की रात गांव मचवाखेड़ा के छप्परपोश मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, जबकि नौ बकरियाें की आग की चपेट में आने से मौत हो गई। दो बकरियों के बच्चे भी झुलस गए।
इस दौरान पार्वती देवी ने घरेलू सामान बचाने की कोशिश की, जिसके चलते वह भी झुलस गईं। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान यशपाल सिंह ने बताया है कि हल्का लेखपाल को सूचना दे दी गई । पार्वती देवी ने बताया कि एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।