नवनिर्मित पुल से निकलकर आवागमन का शुभारंभ करते बच्चे । स्त्रोत - कारसेवक
पूरनपुर। छह साल से टूटी पुलिया का निर्माण कराने की मांग पर अफसरों, नेताओं ने ध्यान नहीं दिया तो क्षेत्र के लोगों ने खुद ही पुलिया बनाने के लिए कमर कस ली। कारसेवा कर एक महीने में ही पुलिया का निर्माण कर लिया। बुधवार को स्कूली बच्चों से लोकार्पण कराया। पुलिया निर्माण पर करीब सात लाख रुपये लागत आई। इसे चंदा करके इकट्ठा किया गया।
गांव अंडबोझी के पास झुकना नदी के नाले पर लगभग 25 साल पहले पुलिया का निर्माण कराया गया था। छह साल पहले यह पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी और आवागमन बंद हो गया था। पुलिया टूटने से लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा था। कई बार क्षेत्र के लोगों ने अफसरों से पुलिया निर्माण की मांग की लेकिन अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। करीब एक महीने पहले क्षेत्र के लोगों ने कार सेवा कर पुलिया का निर्माण कराने का निर्णय लिया।
अंडबोझी के पूर्व प्रधान गुरमीत सिंह ने इसकी कमान संभाली। अंडबोझाी के अलावा गांव पिपरिया मझरा, रंपुरा कोन, चिरागा आदि कई गांवों के लोगों ने स्वेच्छा से चंदा एकत्र किया गया। इसके बाद पुलिया निर्माण शुरू कर एक महीने के अंदर पुलिया बनवा दी गई। बुधवार को अरदास के बाद स्कूली बच्चों को पुलिया से निकालकर आवागमन शुरू कराया गया।