खुराफाती बता रहे शराब की दुकानों पर प्रदर्शन
एसपी देवरंजन वर्मा ने कहा कि शराब की दुकानों को हटाने की मांग पर किए जा रहे अधिकांश प्रदर्शन प्रायोजित तरीके से असामाजिक तत्वों द्वारा कराए जा रहे हैं। कुछ खुराफाती लोगों को भड़काकर कानून व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे खुराफातियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। राजनीतिक दखल सामने आने पर इसकी सूचना शासन को दी जाएगी हाईवे से शराब की दुकानें हटाए जाने के बाद से शुरू हुए प्रदर्शनों को लेकर तस्वीर साफ करने के लिए मंगलवार को एसपी और आबकारी अधिकारी ने प्रेसवार्ता कर आवश्यक जानकारी दी। एसपी देवरंजन वर्मा ने कहा कि विरोध प्रदर्शन प्रायोजित तरीके से कराए जाने की बात सामने आने पर प्रशासन से शासन तक सख्ती बरती जा रही है। मुख्यमंत्री महंत आदित्यनाथ योगी के निर्देश के निर्देश पर मुख्य सचिव व डीजीपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर खुराफाती लोगों पर कार्रवाई करने को कहा था। यहां गजरौला व न्यूरिया में दर्जनों लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि भीड़ को प्रदर्शन के लिए उकसाने वाले खुराफातियों का चिह्नीकरण किया जा चुका है। उन पर जल्द सख्त शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी को दुकानों से दिक्कत है, तो वे प्रक्रिया के तहत डीएम से शिकायत कर सकते हैं। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आबकारी अधिकारी ओपी चौरसिया ने शराब की दुकानों को लेकर हो रही भ्रम की स्थिति को स्पष्ट किया। बताया कि जो दुकानें पहले से संचालित हो रहीं है। उनको नहंी हटाया जाएगा। सिर्फ हाईवे से हटाकर भीतर आबादी में पहुंची दुकानों पर आदेश जारी हैं। रजिस्टर्ड धार्मिक स्थल एवं विद्यालय के पास की दुकानें हटेंगी। निजी अस्पताल का 50 बैड का होना जरूरी है। तभी शराब की दुकान उसके पास से हटेगी।