बीसलपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती दुकानदार सिया राम।संवाद
बीसलपुर (पीलीभीत)। ग्राम जसोली में 50 हजार रुपये सुविधा शुल्क न देने पर खाद्य विभाग की टीम के डपटने से एक दुकानदार बेहोश हो गया। यह देखकर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों के एकत्र होने पर टीम लौट गई।
गांव जसोली दिवाली निवासी ओमवती ने बताया कि उनके पति सियाराम गांव में किराने की दुकान करते हैं l पीलीभीत से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अक्सर आती रहती है। आरोप है कि टीम के लोग सुविधा शुल्क मांगते हैं और राशि न देने पर उनकी दुकान से विभिन्न वस्तुओं के नमूने भर लेते हैं।
आरोप है कि टीम हर बार कुछ कुछ न कुछ राशि ले जाती है। इसी क्रम में टीम के लोगों ने सोमवार को आते ही दुकानदार से 50 हजार रुपये की मांग की l दुकानदार ने जब इतने रुपये देने में असमर्थता जताई तो टीम के सदस्यों ने दुकान का चालान करने और दुकानदार को जेल भिजवाने की धमकी दी।
टीम का उग्र रवैया देखकर दुकानदार बेहोश हो गया। इस पर वहां काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए जिस पर टीम लौट गई। बेहोश दुकानदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी तेजबहादुर सिंह ने बताया कि सीएम पोर्टल पर शिकायत की गई थी। उसी के तहत जांच करने पहुंचे थे। शिकायतकर्ताओं को दुकान पर बुलवाया गया था, पर वे मुकर गए। लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।