दस का सिक्का न लेने की बात पर शुक्रवार सुबह किराना व्यापारी और ग्राहक आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी कर व्यापारी को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद दोनों में सुलह होने पर चेतावनी देकर व्यापारी को छोड़ा गया।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के जमुनिया खास गांव निवासी रामू ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि गांव की किराने की दुकान पर वह सामान खरीदने गया था। उसके द्वारा दस रुपये का सिक्का दिए जाने पर व्यापारी ने सिक्का लेने से इंकार कर दिया। काफी कहने के बाद भी दुकानदार ने जब सिक्का नहीं लिया तो उसने सूचना पुलिस को दी। इस पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। व्यापारी द्वारा सिक्का न लेने की बात संज्ञान में आने पर पुलिस ने उसको हिरासत में ले लिया। इसके बाद खुद को फंसता देख व्यापारी ने गलती स्वीकारी और दोनों में सुलह हो गई। पुलिस ने व्यापारी को चेतावनी देकर छोड़ दिया है। उधर, कलीनगर स्थित देशी शराब की दुकान के पास स्थित अंडे के ठेले पर दो युवकों में कहासुनी हो गई। इस बीच खुद को भाजपा नेता का भाई बताते हुए एक युवक ने दूसरे की पिटाई कर दी। इसकी सूना मिलने पर यूपी 100 मौके पर पहुंची। जिसके बाद दोनों में सुलह होने पर कार्रवाई नहीं की गई। मामला पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।