कर्ज और ओला अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसल के कारण जिले के चार किसानों की सदमे के कारण मौत हो गई।
पूरनपुर कोतवाली के गांव अभयपुर जमीमा जगतपुर निवासी 55 वर्षीय रामसहाय, बीसलपुर क्षेत्र के गांव रंपुरा में किसान 58 वर्षीय कृष्णपाल गंगवार, बिलसंडा क्षेत्र के गांव लिलहर निवासी 62 वर्षीय हरनाथ सिंह व भदेनकंजा निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश फसल बर्बाद होने का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके और उनकी मौत हो गई।
गांव अभयपुर जमीमा जगतपुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनकी मां रामबेटी के नाम 1.39 एकड़ भूमि है। जिस पर गेहूं की फसल बोने के लिए पिता रामसहाय ने पंजाब नेशनल बैंक की शेरपुर शाखा से 60 हजार और किसान सहकारी समिति शेरपुरकलां से तीन हजार रुपये का कर्ज लिया था। पिछले दिनों हुई बारिश/ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हो गई थी। जिससे पिता परेशान थे।
सोमवार शाम को उनकी अचानक हालत खराब हो गई और मौत हो गई। बीसलपुर के गांव रंपुरा निवासी 58 वर्षीय कृष्णपाल के पास 25 बीघा जमीन है। उनके बेटे कल्यान राय ने बताया कि नौ बीघा गेहूं, नौ बीघा में मसूर व सरसों की फसल खड़ी थीं। गेहूं, मसूर और सरसों की सारी फसल चौपट हो गईं। उनके पिता पर पंजाब नेशनल बैंक का 1.50 लाख का कर्जा है। फसल नष्ट होने से कर्जा अदा करने की चिंता सता रही थी। रात करीब दो बजे हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया।
बिलसंडा के गांव लिलहर निवासी 62 वर्षीय हरनाथ सिंह व भदेनकंजा निवासी 60 वर्षीय ओमप्रकाश की गेहूं की गहाई करने के बाद उत्पादन काफी कम होने के बाद सदमे में मौत हो गई।
कम पैदावार देख किसान को हुआ ब्रेन हैमरेज
पीलीभीत। गेहूं की फसल में दाने न निकलने से किसान सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका और गश खाकर गिर पड़ा। घर वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है जहां डॉक्टरों ने उसे ब्रेन हैमरेज बताया है।
जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम मुडसैना मदारी निवासी 60 वर्षीय इस्माइल की 22 बीघा फसल बारिश से खराब हो गई थी। मंगलवार सुबह बची फसल को कटवाने कंबाइन लेकर खेत पर गया। कंबाइन से पूरा खेत कटाने पर मात्र छह बोरी गेहूं निकला। गेहूं की इतनी कम पैदावार देखकर इस्माइल का शरीर कांपने लगा और वह खेत पर ही गश खाकर गिर गया।
घर वाले उसे लेकर पीलीभीत लेकर पहुंचे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। इस्माइल के बेटे मुन्ने के अनुसार डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज बताया है। उनकी स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। मुन्ने के मुताबिक फसल के लिए बैंक से लोन भी लिया था।