शिव सैनिकों ने रामलीला मेला मैदान पर अतिक्रमण के विरोध में एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर मेला मैदान से पूरी तरह से अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
रामलीला मेला मैदान में अतिक्रमण को लेकर मेला मैदान सिकुड़ता जा रहा है। मैदान में कई टीनशेड के खोखों के अलावा कई पक्की दुकानों का निर्माण करा लिया गया। बांस की दुकानें बनाकर अतिक्रमण किया गया है। पहले तो रामलीला के दिनों में लगाई गई दुकानें हट जाया करती थी, लेकिन पिछले दो तीन सालों से अतिक्रमण कर लगाई गई अधिकांश दुकानें न हटने से मेला में लगने वाले खेल तमाशों की संख्या कम होती जा रही है। मेला में अतिक्रमण को लेकर पिछले साल भी कई बार विहिप, भाजपा और अन्य लोगों ने प्रदर्शन किया था। मेला समाप्त होने के बाद अतिक्रमण का मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब फिर अतिक्रमण का मामला उठा है। बुधवार को शिव सैनिकों ने अतिक्रमण के विरोध में एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और मेला मैदान कब्जा मुक्त कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में लकी दीक्षित, विनीत सिंह, राजू वर्मा, शेखर जोशी, मोहित सक्सेना, प्रदीप, राज मिश्रा, रामबाबू वर्मा, रजनीश आदि थे।