मकान की दीवार गिरी, दो मवेशी मरे
गजरौला क्षेत्र के गांव हटुआ में रविवार को बारिश के दौरान छप्परपोश मकान की बिजलाही में कच्ची दीवार गिर जाने से उसमें बंधे दो मवेशियों की मौत हो गई। परिजनों ने मलबे में दोनों मवेशियों को बाहर निकाला। परिजनों ने मामले की सूचना हल्का लेखपाल को दे दी है।
गांव हटुआ बिजलाही निवासी इंद्रजीत ने बताया कि उसका पक्का मकान थोड़ा अंदर के लिए बना हुआ है। जानवरों को बांधने के लिए उसने घर के बाहर छप्परपोश मकान बना रखा था। रविवार की देर रात एक बजे हुई तेज बारिश में उसके छप्परपोश मकान की कच्ची दीवार गिर गई।
इससे उसमें बंधी एक गाय व बछिया मलबे में दब गई। मवेशियों की आवाज सुनकर परिजनों की आंख खुल गई। इसके बाद परिजनों ने गांव वालों की मदद से बमुश्किल जानवरों को उसमें से बाहर निकाला। सोमवार की सुबह परिजनों ने मामले की जानकारी की हल्का लेखपाल को दे दी है।