रमनगरा बुझिया, नलडेंगा में घुसा बाढ़ का पानी, फसलें डूबी
लग्गा भग्गा जंगल में शुरू हुआ कटान
शारदा नदी में रविवार को दो लाख क्यूसेक पानी रिलीज होने से शारदा नदी के इलाके में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। जलस्तर बढ़ने से नाव का संचालन भी ठप हो गया। बाढ़ का पानी रमनगरा बुझिया क्षेत्र में तेजी से घुसना शुरू हो गया है, वहीं नलडेंगा व कंजिया सिंहपुर में नदी के निचले हिस्से में खड़ी फसलें भी पानी में डूब गई।
रविवार सुबह शारदा नदी का जलस्तर एकाएक बढ़ गया। सिंचाई विभाग के सूत्रों के मुताबिक बनबसा बैराज से रिलीज हुए पानी व नेपाली नदी के पानी को मिलाकर दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है। नदी में एक साथ छोड़े गए पानी से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। नदी ने नौजल्हा नंबर दो में बांये किनारे पर लग्गा भग्गा के जंगल का कटान शुरू कर दिया। इधर कंजिया सिंहपुर व नलडेंगा में भी नदी के निचले हिस्से में खड़ी फसलें पानी में डूब गईं। रमनगरा बुझिया की ओर से भी नदी का पानी ओवरफ्लो होकर पालिया कॉलोनी में घुस गया। जिससे शीश सिंह, निजामुद्दीन, मुश्ताक, केवल सिंह, खोखन, हरेंदर सिंह, जितेंद्र, मसरूद्दीन, मेहरवान, सुरेश, अशोक राय, विभास विश्वास, सुधीर सरकार, निताई वसु समेत तमाम किसानों की धान व गन्ने की फसलों में भारी जलभराव हो गया। धान की फसलें तो पूरी तरह से डूब गईं। नदी के जलस्तर बढ़ने से शारदा नदी में नाव का संचालन बंद कर दिया गया।