पंचायत चुनाव की तैयारी में पुलिस फिर जुट गई है। कोतवाली पुलिस ने 837 लोगों से शांतिभंग आशंका पर मुचलका पाबंद की चालानी रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय भेजी है। पांच लोगों को जिला बदर कराया गया है। शातिरों को गुुंडा एक्ट में पाबंद कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के पिछले दिनों हुए चुनाव में कोतवाली पुलिस ने चार हजार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका होने पर मुचलका पाबंद करने की रिपोर्ट एसडीएम कोर्ट भेजी थी। इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने बताया कि प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य चुनाव को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी गई है। चार हजार लोग पहले ही मुचलका पाबंद हैं। जिनकी अवधि छह माह तक की है। इसके अलावा क्षेत्र के 837 लोगों से शांतिभंग की आशंका पर उनको मुचलका पाबंद करने की रिपोर्ट एसडीएम कोर्ट भेजी गई है। इसके अलावा शेरपुरकलां के पांच लोगों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई कराई गई है। हिस्ट्रीशीटरों के गुंडा एक्ट की कार्रवाई कराने की तैयारी शुरू की गई है। शेरपुरकलां, सबलपुर, पिपरिया दुलई, गहलुइया को अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखा गया है। जहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।