पीलीभीत। सहारनपुर में 19 से 21 सितंबर तक आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में पीलीभीत के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। बरेली मंडल की भारोत्तोलन टीम की ओर से प्रतिभाग करने वाली पीलीभीत की शालिनी ने रजत और नागेश्वर ने कांस्य पदक हासिल किया।
वीरांगना अवंतीबाई जिला पंचायत इंटर कॉलेज पीलीभीत की कक्षा 12 की छात्रा शालिनी ने 19 वर्षीय आयु वर्ग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, इस्लामिया इंटर कॉलेज के छात्र नागेश्वर ने इसी आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीता।
जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों का चयन आठ सितंबर को पीलीभीत में आयोजित मंडलीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता के आधार पर बरेली मंडल की टीम में हुआ था। प्रदेशीय स्तर पर पदक हासिल कर दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह यादव ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों पदक विजेताओं को जनपदीय क्रीड़ा रैली के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के माध्यम से सम्मानित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
नागेश्वर