जहानाबाद। कस्बे में चल रही जेपीएल क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को दो मैच खेले गए। इसमें शाहजी क्रिकेट क्लब जहानाबाद और अढ़ौली ईमाम नगर की टीम ने जीत दर्ज की। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
पहला मुकाबला हर हरपुर हसन और अढ़ौली ईमाम नगर के बीच हुआ। इसमें हर हरपुर हसन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 130 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अढ़ौली ईमाम की टीम ने 11 ओवर में चार विकेट खोकर मैच जीत लिया। अढ़ौली ईमाम के खिलाड़ी राहुल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच शाहजी क्रिकेट क्लब जहानाबाद और हरि किशनपुर के बीच खेला गया। शाहजी क्रिकेट क्लब जहानाबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में आठ विकेट खोकर 112 रन बनाए। हरि किशनपुर की टीम 10 ओवर में आठ विकेट खोकर 85 रन ही बना पाई। शाहजी क्रिकेट क्लब ने 27 रन से मैच जीत लिया। आमिर नूर खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायरिंग की जिम्मेदारी राजेंद्र कुमार और फिरोज बेग ने संभाली। कमेंट्री की भूमिका मोनिस खान व कायम खान ने निभाई। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान पर उमड़े। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कमेटी की ओर से पुरस्कृत किया गया।