बीसलपुर। शाहजहांपुर के युवकों पर बीसलपुर की छात्रा का अपहरण करने का आरोप लगा है। छात्रा कोचिंग पढ़ने गई थी, वहीं से अपहरण की बात कही जा रही है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर शाहजहांपुर जिले के छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री बृहस्पतिवार सुबह नगर में ही एक स्थान पर कोचिंग पढ़ने गई थी। आरोप है कि रास्ते से ही कुछ लोगों ने उसकी पुत्री का अपहरण कर लिया। काफी देर तक छात्रा के घर वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई।
दोपहर में छात्रा ने फोन कर घरवालों को बताया कि वह शाम पांच बजे तक घर आ जाएगी। छात्रा काफी डरी हुई थी। शाम तक छात्रा घर वापस नहीं आई तो घर वालों ने छात्रा के फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ निकला।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि छात्रा की मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में शाहजहांपुर के थाना तिलहर के गांव बाबू नगरिया निवासी रवि कुमार, महेंद्र पाल, भैयालाल व थाना जैतीपुर के गांव खेड़े बोडे निवासी राजपाल, खुदागंज के गांव हड्डानिया निवासी रविंदर और प्रमोद को नामजद किया है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि छात्रा अपने साथ काफी जेवर और एक लाख की नकदी भी ले गई है।