पीलीभीत। बरखेड़ा में मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान मंच पर सीमित स्थान और सुरक्षा प्रोटोकॉल के चलते कई जनप्रतिनिधियों व संगठन से जुड़े नेताओं को मंच पर जगह नहीं मिल सकी। मंच पर जाने का प्रयास करने पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि ने अधिकारियों से उन्हें मंच पर भेजने का अनुरोध भी किया, लेकिन सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी गई। बाद में ये नेता मंच के सामने लगी कुर्सियों पर बैठकर कार्यक्रम में शामिल हुए। मंच पर स्थान न मिलने को लेकर कई नेताओं में मायूसी भी देखने को मिली।
अचानक मंच पर बिगड़ी सुरक्षा कर्मी की हालत, दूसरे ने संभाला मोर्चा
सभा में जैसे ही मुख्यमंत्री का संबोधन शुरू हुआ, उनकी सुरक्षा में पीछे खड़े कमांडो की अचानक हालत बिगड़ गई। शरीर को लड़खड़ाता देख पास में खड़े एक कर्मी ने उन्हें रोका। भनक लगते ही कुछ दूरी पर खड़े सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाल लिया। कमांडो को मंच से नीचे ले जाया गया।
मालिकाना हक की खुशी में बंगाली परिवारों ने जलाए दीप
कलीनगर। शारदा डैम की तलहटी में बसे नौजलहा गांव के बंगाली परिवारों ने जमीन का मालिकाना हक मिलने की खुशी दीप प्रज्ज्वलित कर मनाई। वर्षों से अधिकार मिलने का इंतजार कर रहे परिवारों ने मुख्यमंत्री के आगमन और नागरिकता प्रमाण पत्र वितरण किया तो बंगाली परिवारों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई दी और खुशी का इजहार किया। संवाद