पीलीभीत। सात वर्षीय मासूम से छेड़खानी करने वाले आरोपी को शोर-शराबा के बाद लोगों ने पकड़ लिया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
घटना कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में मंगलवार देर शाम की है। मोहल्ला निवासी युवक ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चंदोई निवासी इमरान वर्तमान में उसके घर के सामने मकान में किराए पर रहता है। आरोप है कि मंगलवार शाम आरोपी उसकी सात वर्षीय पुत्री को बहाने से बुलाकर ले गया और घर से कुछ दूरी पर एक खंडहर में ले जाकर छेड़खानी की। पुत्री के शोर शराबा करने पर आसपास मौजूद लोग एकत्र हो गए।
आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने आरोपी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पीड़िता के मेडिकल परीक्षण के बाद कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। संवाद