पीलीभीत। दियोरिया क्षेत्र के किशनपुर गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दिए। नामजद 11 आरोपियों में से सात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
किशनपुर गांव में जमीन विवाद में हरिओम पर एक मार्च की शाम को लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई थी। मामले में मृतक के पिता बनवारी लाल ने दियोरिया कोतवाली में 11 नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमे पुराने विवाद का हवाला देकर पुत्र को रास्ते में रोककर मारपीट करने और बचाने आए परिवार के अन्य सदस्यों को भी पीटने का आरोप लगाया था। लाठी डंडे और कुल्हाड़ी से प्रहार करने से हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए थे। मंगलवार को दियोरिया पुलिस ने नामजद आरोपियों में से रवि, सुनील, बबलू, ज्वाला प्रसाद, मधु, मल्लो देवी पत्नी जंग बहादुर व अनारा देवी पत्नी गंगाराम को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी गौतम सिंह ने बताया कि आरोपियों का कोर्ट में चालान किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। संवाद