पूरनपुर। घपलेबाजी की मिल रही शिकायतों पर सीएमओ ने पूरे जिले में चल रही आशा कार्यकर्ता चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। जांच को चार सदस्यीय टीम गठित की है। टीम एक सप्ताह में जांच कर रिपोर्ट सीएमओ को देगी।
पूरनपुर सहित पूरे जिले में स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता चयन प्रक्रिया चल रही थी। गुपचुप तरीके से शुरू हुई चयन प्रक्रिया में लोग घपलेबाजी का आरोप लगा रहे थे। इसकी शिकायत सीएमओ तक पहुंची। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि घपलेबाजी की मिल रही शिकायतों पर जिले भर में चल रही आशा कार्यकर्ता चयन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है।
जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम में एसीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी, डिप्टी सीएमओ डॉ. एसके सिंह, डीपीएल, डीसीपएम को शामिल किया गया है। टीम जांच कर अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह में देगी। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं का चयन अब नए सिरे से पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा।